रांची : झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और आदिवासी स्वाभिमान के प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आज कोकर, रांची स्थित उनके समाधि स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और कल्पना सोरेन ने समाधि स्थल पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और उनकी अमर वीरता को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सभी ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा द्वारा किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को स्मरण किया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की विचारधारा न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने यह भी कहा कि धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगों ने आदिवासी समाज के उत्थान और उनके अधिकारों पर जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।