बोकारो : संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2024 (UPSC Result 2024) के परीक्षा परिणाम में बोकारो जिले के चास प्रखंड के तियाड़ा गांव के राजकुमार महतो ने 557वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता की कहानी सिर्फ एक परीक्षा पास करने की नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और सपनों को साकार करने की मिसाल है।राजकुमार महतो एक साधारण लेकिन जुझारू परिवार से आते हैं। उनके पिता रामपद महतो कभी कपड़े सिलने का काम करते थे, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने अखबार बेचने का कार्य शुरू किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को बेहतर शिक्षा देने का सपना नहीं छोड़ा। आज वही सपना राजकुमार की मेहनत और लगन से साकार हो गया। राजकुमार की प्रारंभिक से लेकर प्लस टू तक की पढ़ाई चास स्थित जीजीपीएस स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की और फिर इग्नू से एमए की पढ़ाई पूरी की।