रांची। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश को जिले के विभिन्न अंचलों में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। नगड़ी अंचल में पुंदाग के एक आवेदक का आंशिक नाम संशोधन किया गया। वहीं टुंडल के एक मामले में भूमि नामांतरण के बाद लगान रसीद निर्गत नहीं होने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगान भुगतान का विकल्प उपलब्ध कराया गया और रसीद जारी कर दी गई। अरगोड़ा अंचल में रोपना मुंडा की हिनू मौजा से जुड़ी समस्या पर तुरंत लगान रसीद जारी की गई। नीरज प्रसाद और अरुण प्रसाद की शिकायतों का भी त्वरित समाधान किया गया। खासकर अरुण प्रसाद का नाम सुधारने के बाद उनके चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। इसी अंचल में लीला देवी की लगान रसीद की समस्या सुलझाई गई और साथ ही वर्षों से लंबित वृद्धा व विधवा पेंशन का निष्पादन भी किया गया। सोनाहातु अंचल में कपिल देव प्रसाद केशरी के पंजी-2 में सुधार का मामला सामने आया, जिसे तत्काल जाँच कर सही किया गया। उन्होंने कहा कि अब अंचल स्तर पर शिकायतों का समाधान होना बेहद सराहनीय कदम है। बेड़ो थाना क्षेत्र की हुरिया मुस्तफा का आय प्रमाण पत्र तत्काल जारी कर दिया गया। इस त्वरित समाधान के लिए उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करता है। इससे न केवल शिकायतों का समाधान तेजी से होता है, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को भी मजबूती मिलती है। जनता दरबार में अधिकतर आवेदन आवासीय, जाति, आय और स्थानीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, पंजी-2 में सुधार, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, मनरेगा, कृषि ऋण माफी, केसीसी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित भुगतान से जुड़े रहे। कई जटिल मामलों को विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित किया गया, जबकि बड़ी संख्या में शिकायतों का ऑन द स्पॉट निवारण किया गया। जिला प्रशासन ने विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांगों और महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया था, जिसका पालन सभी अंचलों में किया गया।