रांची: झारखंड की राजधानी रांची में भारत-इंग्लैंड के बीच चौथे टेस्ट से पहले खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने मैच रद्द कर इंग्लैंड की टीम को लौट जाने की धमकी दी है। उसने इसे लेकर झारखंड के नक्सलियों को उकसाया है। पन्नू ने कहा है कि भारत और इंग्लैंड के रांची में होने वाले मैच को अविलंब रद्द करवाएं। इस मामले में मंगलवार को रांची के धुर्वा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
उसने नक्सलियों के नाम जारी वीडियो में कहा है कि रांची का जेएससीए स्टेडियम आदिवासियों की जमीन पर बना है। आदिवासियों की जमीन पर मैच नहीं होना चाहिए। पन्नू ने यूट्यूब पर यह वीडियो जारी किया है। उसने माओवादियों से कहा है कि रांची में होने वाले टेस्ट मैच को रद्द कराने के लिए झारखंड और पंजाब में उत्पात मचा देना चाहिए।