बीजेपी पर बरसे इरफान, कहा- विकास की पहिया चलता रहेगा

रांची। नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 अस्पताल का विरोध राजनीतिक रंग लेने लगा है। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल निर्माण रुकवाने के लिए विपक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर सुनियोजित साजिश रची और झारखंड की शांति एवं विकास को पटरी से उतारने का प्रयास किया।डॉ. अंसारी ने कहा कि इस विरोध में स्थानीय लोगों की कोई भागीदारी नहीं थी। भाजपा ने लोकतंत्र और कानून पर हमला करने के लिए पथराव कराया, जिसमें वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घायल हुए। उन्होंने इसे न केवल लोकतंत्र पर हमला बताया, बल्कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ भी करार दिया।मंत्री ने भाजपा की राजनीति को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, “क्या भाजपा विकास विरोधी राजनीति कर रही है? क्या जनता को भड़काकर झारखंड में अशांति फैलाना ही भाजपा का मकसद है?”उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का इतिहास बाहरी लोगों और गुंडों को बुलाकर माहौल बिगाड़ने का रहा है। आज जब लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, भाजपा अस्पताल निर्माण का विरोध कर रही है – यह निंदनीय और शर्मनाक है।

डॉ. अंसारी ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन को जनता के साथ विश्वासघात और इस साजिश के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने और अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख़्त नकेल कसने की मांग की।उन्होंने ने कहा कि भाजपा चाहे जितनी बाधाएँ खड़ी करे, झारखंड की जनता का सपना – बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ और विकास की पहिया – रुकने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *