इरफान अंसारी का बाबूलाल मरांडी पर तीखा प्रहार भ्रष्टाचार की जननी तो आपकी पार्टी है

रांची। झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है।शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट में उन्होंने मरांडी को निशाने पर लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की जननी तो आप और आपकी पार्टी है।उन्होंने रिम्स-2 परियोजना और झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र में सुधारों को लेकर मरांडी के बयानों को विकास विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि रिम्स-2 जैसी आधुनिक चिकित्सा संस्थान की नींव रखी जा रही है, जिससे राज्य के मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिलेगा।उन्होंने मरांडी से सवाल किया कि क्या वे नहीं चाहते कि झारखंड की जनता को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें? अंसारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के 18 साल के शासन में रिम्स की हालत बदहाल थी, दीवारें गिर रही थीं और छतें टपक रही थीं।अब जब एक डाक्टर स्वास्थ्य मंत्री है तो रिम्स का पुनर्विकास और रिम्स-2 का निर्माण तेजी से हो रहा है। मरांडी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बढ़ती उम्र के साथ आंखों की रोशनी कम हो गई है, लेकिन वे उनकी आंखों का इलाज करेंगे ताकि, रिम्स-2 का विकास उन्हें साफ दिखे।उन्होंने भाजपा पर झूठ और ठगी की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरयू राय ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को ओड़िशा भेज दिया, लेकिन बाबूलाल मरांडी के कारण वे फिर से झारखंड आ गए।स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र में जमीनी बदलावों की बात कही। उन्होंने कहा कि रिम्स का विकास और रिम्स-2 का निर्माण राज्य सरकार का संकल्प है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *