उप राष्ट्रपति चुनाव : समर्थन जुटाने आज रांची आएंगे बी. सुदर्शन रेड्डी

रांची । उप राष्ट्रपति चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी शनिवार को रांची आएंगे। यहां वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे और कांग्रेस व झामुमो सांसदों के साथ रणनीतिक बैठक करेंगे। उनका यह दौरा गठबंधन के वोटों को सुनिश्चित करने और गैर-गठबंधन दलों से समर्थन जुटाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।9 सितंबर को होने वाले चुनाव में रेड्डी का मुकाबला एनडीए प्रत्याशी सी.पी. राधाकृष्णन से है। दोनों उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं और अब पूरा फोकस वोटों के गणित पर है। झारखंड की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि राज्य से कुल 14 सांसद लोकसभा और 6 सांसद राज्यसभा में हैं, जिनमें से झामुमो और कांग्रेस गठबंधन के पास अच्छी-खासी संख्या है। झामुमो के 1 और कांग्रेस के 1 सांसद लोकसभा में हैं, जबकि राज्यसभा में भी दोनों दलों की उपस्थिति है। यही वोट रेड्डी के पक्ष में पुख्ता करने के लिए उनका दौरा अहम माना जा रहा है।सूत्र बताते हैं कि रांची प्रवास के दौरान रेड्डी न सिर्फ गठबंधन दलों के सांसदों और विधायकों से संवाद करेंगे बल्कि स्वतंत्र और छोटे दलों के नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह दौरा विपक्ष की एकजुटता दिखाने और एनडीए को कड़ी चुनौती देने का संकेत है।गौरतलब है कि उप राष्ट्रपति चुनाव का मतदान और नतीजे दोनों 9 सितंबर को ही घोषित होंगे। उससे पहले रेड्डी का यह दौरा झारखंड की भूमिका को और ज्यादा निर्णायक बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *