चंपई के बेटे बाबूलाल ने ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन सेना’ के गठन का किया ऐलान

बृहद झारखंड की उठाई मांग, कहा- बिहार और बंगाल के 10 जिलों पर करेंगे दावा रांची: दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने के संकल्प के साथ बुधवार को घाटशिला में एक नई राजनीतिक पहल की शुरुआत हुई। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र और भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन ने ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन सेना’ के गठन का ऐलान किया है।यह ऐलान जादूगोड़ा अस्पताल मोड़ चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान किया गया, जहां बाबूलाल सोरेन ने दिवंगत गुरुजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल सोरेन ने कहा कि गुरुजी का सपना केवल 18 जिलों तक सीमित झारखंड नहीं था। वे 28 जिलों को मिलाकर एक वृहद झारखंड राज्य बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा, “गुरुजी के उसी सपने को अब हम ज़मीन पर उतारेंगे। बिहार, झारखंड और बंगाल में जो 10 जिले झारखंड के साथ नहीं जुड़ सके, उन्हें जोड़ने के लिए बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।”उन्होंने कहा कि जल्द ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन सेना का औपचारिक गठन होगा और गांव-गांव जाकर लोगों को गुरुजी के अधूरे सपने के बारे में बताया जाएगा।बाबूलाल ने सभा में यह प्रस्ताव रखा कि जो लोग गुरुजी के सपनों को पूरा करने में साथ देना चाहते हैं, वे उनके साथ आएं। इस प्रस्ताव पर सभा में मौजूद लोगों ने सहमति जताई।उन्होंने कहा, “गुरुजी की आत्मा को तब तक शांति नहीं मिलेगी, जब तक उनका सपना पूरा न हो जाए। अब यह जिम्मेदारी हम सबकी है कि हम उनके विचारों को आगे बढ़ाएं और वृहद झारखंड के लिए एक नई लड़ाई शुरू करें।”सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बाबूलाल सोरेन के समर्थक शामिल हुए। अब देखना होगा कि यह नई पहल झारखंड की राजनीति में कितना असर डालती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *