रांची: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आज यह घोषणा की कि बाबूलाल मरांडी झारखंड विधायक दल के नेता होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अच्छे से काम नहीं कर रही है, सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए एक अनुभवी व्यक्ति चाहिए और इसके लिए सूबे के पहले सीएम बाबूलाल मरांडी सक्षम व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और इस बाबत पत्र के माध्यम से सूचना विधानसभा अध्यक्ष को देंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बहुत जल्द राज्य में नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा। अरुण सिंह ने कहा कि बाबूलाल मरांडी काफी अनुभवी आदमी है, उन्हें संघर्ष का लंबा अनुभव है, इसी आधार पर उन्हें विधायक दल का नेता निर्वाचित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी विश्वास हासिल है।
मालूम हो कि पिछले ही सप्ताह बाबूलाल मरांडी अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे। इस मौके पर भाजपा ने 17 फरवरी को एक मिलन समारोह सह रैली का आयोजन किया था, जिसमें प्रदेश इकाई के सभी अहम नेता मौजूद थे।