ऑनलाइन गेमिंग बिल पास होते ही ईडी की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली : अवैध ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कर्नाटक के चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र को गंगटोक से गिरफ्तार किया। ईडी ने उनके ठिकानों से 12 करोड़ रुपये नकद, छह करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, करीब 10 किलो चांदी और चार वाहन जब्त किए। बरामद नकदी में लगभग एक करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा भी शामिल है।एजेंसी के अनुसार, विधायक को गंगटोक में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई और उन्हें बंगलुरू की अदालत में पेश किया जाएगा। ईडी का बंगलुरू जोन इस मामले की जांच कर रहा है। बताया गया कि विधायक अपने सहयोगियों के साथ एक कसीनो लीज पर लेने गंगटोक गए थे।छापेमारी के दौरान वीरेंद्र के भाई केसी नागराज और बेटे पृथ्वी एन राज के ठिकानों से संपत्ति संबंधी कई अहम दस्तावेज मिले। ईडी का दावा है कि विधायक के अन्य सहयोगी, जिनमें उनका भाई केसी थिप्पेस्वामी शामिल है, दुबई से ऑनलाइन गेमिंग का संचालन कर रहे हैं।इससे पहले शुक्रवार को ईडी ने वीरेंद्र और उनके सहयोगियों से जुड़े 30 परिसरों पर छापेमारी की थी। इनमें चित्रदुर्ग के छह, बेंगलुरू के 10, जोधपुर के तीन, हुबली का एक, मुंबई के दो और गोवा के आठ ठिकाने शामिल हैं।जांच में सामने आया कि आरोपी किंग567, राजा567, पपीज003 और रत्ना गेमिंग जैसे नामों से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहा था। इसके अलावा दुबई से तीन कंपनियां— डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज— के जरिए कॉल सेंटर और गेमिंग ऑपरेशन संचालित हो रहे थे।कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *