नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह पर भाजपा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने कहा कि आर.के. सिंह के हालिया बयान और आचरण पार्टी विरोधी गतिविधियों की श्रेणी में आते हैं और यह कदम संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक था। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच आर.के. सिंह के बयानों ने भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी थी। उन्होंने नीतीश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई थी। पार्टी ने इसे सार्वजनिक रूप से अनुशासनहीनता माना और संकेत मिले थे कि भाजपा उनके खिलाफ सख्त कदम उठा सकती है। अंततः, पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति ने कार्रवाई करते हुए उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। इसके साथ ही भाजपा ने स्पष्ट कर दिया कि चुनावी माहौल में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।