दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा शीला दीक्षित का आज 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 1998 से लेकर 2013 तक लगातार पंद्रह वर्षों तक दिल्ली की मुख्यमंत्री की कमान संभाली थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा- “शीला जी के निधन से काफी दुख हुआ। उन्होंने दिल्ली के विकास में काफी अहम योगदान दिया था। उनके परिवार और समर्थकों को सांत्वना।”
दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल के प्रवक्ता अजय के अनुसार आज दोपहर बाद 3:55 पर उनका निधन अस्पताल में हो गया। हाल में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शीला दीक्षित को उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, मनोज तिवारी के सामने उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा था।