बिहार के लोगों की प्रति व्यक्ति आय 31 फीसदी बढ़ी – अमित शाह

मुंगेर- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज मुंगेर में जदयू प्रत्याशी ललन सिंह के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर महागठबंधन जीतता है तो प्रधानमंत्री कौन बनेगा ? अगर महागठबंधन की जीत होती है तो सोमवार को ममता बनर्जी, मंगलवार को अखिलेश यादव, बुधवार को मायावती, गुरुवार को लालू यादव, शुक्रवार को चंद्रबाबू नायडू, शनिवार को देवगौड़ा प्रधानमंत्री बनेंगे और रविवार को छुट्टी। शाह ने कहा कि बिहार की जनता लालू यादव के शासन को याद कर सिहर जाती है। बिहार में अगर किसी ने विकास किया तो वह भाजपा और जदयू है। एनडीए सरकार ने 5 साल में गरीबों के लिए 133 योजनाएं लाईं। यहां 8 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बना, गरीब माताओं एंव बहनों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिला। हमने घर घर बिजली पहुंचाने का काम किया। आयुष्मान भारत योजना से देश के 50 करोड़ गरीबों को पांच लाख तक के इलाज की मुफ्त सुविधा मिली।

शाह ने कहा कि मैं गठबंधन के नेताओं से पूछता हूं कि लालू-राबड़ी ने 15 साल के शासन में गरीबों के लिए क्या किया?  केवल भ्रष्टाचार, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की। इस दौरान बिहार विकास से विमुख रहा। भाजपा और जदयू ने मिलकर जंगलराज का सामना किया। इसका नतिजा भी सामने है आप बिहार की सड़कें देखिए, बिजली आपूर्ति देखिए। नीतीश कुमार और सुशील मोदी ने इसे संभव बनाया। जहां एनडीए की सरकार में बिहार का विकास दर 11.3 फीसदी है, वहीं लालू-राबड़ी राज में 3 फीसदी से नीचे थी। यही नहीं बिहार के लोगों की प्रति व्यक्ति आय 31 फीसदी बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *