झारखंड महिलाओं को हक देने में अग्रणी : कल्पना सोरेन

रांची : आंध्र प्रदेश के पावन तीर्थ तिरुपति में आयोजित दो दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय संसदीय और विधायी समितियों के महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में झारखंड ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की। राज्य की ओर से गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में देशभर से आए गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कल्पना सोरेन ने प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संवेदनशील नेतृत्व में आधी आबादी को उनके हक-अधिकार, सशक्तिकरण और सम्मान देने का कार्य तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाएं हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़ रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक और प्रभावी परिवर्तनों की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि देश की समस्त महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। आदिवासी समाज के दर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ अपनी जड़ों से मजबूत होता है। उसी तरह महिलाएं भारत की जड़ें हैं। यदि शिक्षा, सम्मानपूर्ण जीवन, आर्थिक स्वतंत्रता और अवसरों के माध्यम से आधी आबादी को पोषित किया जाए तो भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर सकता है। सम्मेलन में महिला सशक्तीकरण के लिए नीतिगत और सामाजिक बदलावों पर विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *