बिहार को छोटा-मोटा राज्य बताने से भड़की सियासी चिंगारी, एनडीए के निशाने पर मल्लिकार्जुन

पटना : बिहार में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले राजनेताओं के बीच खींचतान जारी है। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एनडीए नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि खरगे ने बिहार को छोटा-मोटा राज्य कहा है। सम्राट ने इसकी निंदा की। साथ ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खरगे पर बिहार वासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। सम्राट चौधरी ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने दावा किया कि खरगे अपने बयान में बिहार को छोटा-मोटा राज्य बता रहे हैं। सम्राट ने कहा, “ खरगे गांधी के प्रथम सत्याग्रह की भूमि और देश को प्रथम राष्ट्रपति देने वाले बिहार का महत्व नहीं जानते हैं। बिहार छोटा मोटा राज्य नहीं, बल्कि यह वह भूमि है जहां से लोकतंत्र की नींव पड़ी, जहां बुद्ध और महावीर ने ज्ञान का प्रकाश फैलाया और जेपी ने आपातकाल के खिलाफ आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ी।”

वहीं, लोजपा (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा बिहार को छोटा – मोटा राज्य कहकर संबोधन करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अशोभनीय है। यह केवल बिहार नहीं, बल्कि इसकी गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और जनमानस का अपमान है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ” बिहार छोटा राज्य नहीं, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता छोटी है। इस प्रकार का बयान न केवल बिहारवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को भी उजागर करता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *