रांची। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने ) सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर कोयला मंत्रालय के अपर सचिव सनोज झा, कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन पी. एम. प्रसाद, सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह सहित मंत्रालय एवं कोल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यह अत्याधुनिक आईसीसीसी सीसीएल के सुरक्षा और संपूर्ण परिचालन क्षेत्रों को केंद्रीकृत रूप से मॉनिटर करेगा। इसमें कैमरा, सेंसर, ड्रोन और वाहन ट्रैकिंग सिस्टम से प्राप्त लाइव फीड को क्लाउड-आधारित प्रणाली में एकीकृत किया गया है। एआई-आधारित वीडियो एनालिटिक्स, जीआईएस डिस्प्ले, स्मार्ट डैशबोर्ड और मल्टी-चैनल अलर्ट जैसी विशेषताओं से परिचालन क्षमता, पारदर्शिता और सुरक्षा को नई ऊँचाई मिलेगी। उद्घाटन के बाद मंत्री जी ने केंद्र की कार्यप्रणाली को विस्तार से जाना और वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से इसकी तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली। उन्होंने सीसीएल मुख्यालय से ही पिपरवार क्षेत्र के अधिकारियों से सीधा संवाद भी किया। उम्मीद जताई जा रही है कि आईसीसीसी के जरिए कार्यकुशलता और जोखिम प्रबंधन में बड़ा सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने सीसीएल के सीएसआर प्रोजेक्ट “सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली” से जुड़े बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए पुस्तकें भेंट कीं और पढ़ाई में आगे बढ़ने का संदेश दिया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक मंत्री से संवाद किया और उनके प्रेरक शब्दों से नई ऊर्जा प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि “सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली” कंपनी की महत्वाकांक्षी सीएसआर योजना है, जिसके अंतर्गत सुदूर क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को निःशुल्क पढ़ाई, आवास, भोजन और IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है।