झारखंड में पुलिस संस्मरण दिवस परेड पर शहीदों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

रांची : झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) एक परिसर के परेड मैदान में आज पुलिस संस्मरण दिवस परेड आयोजित किया गया।इसमें देशभर के विभिन्न पुलिस और पारा मिलिट्री फोर्स के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस आयोजन में डीजीपी अनुराग गुप्ता, डीजी प्रशांत सिंह, आईजी मनोज कौशिक, आईजी प्रभात कुमार, एवी होमकर, डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा और रांची एसएसपी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने शहीदों की याद में वाहिनी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और वीरगति को प्राप्त जवानों को श्रद्धांजलि दी। 1 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 के बीच देश के अर्धसैनिक बलों और विभिन्न राज्यों की पुलिस बल के कुल 191 पदाधिकारी एवं जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त किया। इन शहीदों में झारखंड के आरक्षी 361 सुनिल धान भी शामिल हैं, जिन्होंने 12 अप्रैल को कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति दी। आरक्षी सुनिल धान चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र स्थित रातामाटी गांव के घने जंगल (पश्चिम) में जिला बल, कोबरा 203, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड जगुआर के एसाल्ट-11 के साथ संयुक्त रूप से विशेष छापेमारी अभियान ड्यूटी पर थे। इसी दौरान भाकपा माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में वे वीरगति को प्राप्त हुए। पुलिस संस्मरण दिवस परेड के आयोजन के माध्यम से सभी वीर बलिदानियों को नमन किया गया। साथ ही झारखंड पुलिस के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने दृढ़ निश्चय किया कि वे शहीदों के परिवारों के साथ हर परिस्थिति में हमेशा खड़े रहेंगे और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *