नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री ने बिहार विधान सभा चुनाव में सत्तारुढ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अभूतपूर्व जीत को ‘वंशवाद के विरुद्ध विकासवाद की राजनीति की जीत’ बताते हुए शुक्रवार को कहा कि बिहार की इस जीत ने राजग के लिए पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का रास्ता खोल दिया है।श्री मोदी ने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने जो जनादेश दिया है उसमें यह संकेत दिया है कि वहां अब ‘कभी जंगल राज की वापसी नहीं होगी।’ उन्होंने इसे देश में विकास के एजेंडा की राजनीति की मजबूती का प्रमाण बताया।बिहार चुनाव की सफलता की खुशी में शुक्रवार शाम राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय पर जमा पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ने कहा, ‘नई सरकार के साथ एनडीए अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर आगे बढ़ रहा है। बिहार ने ये सुनिश्चित किया है कि बिहार की महान भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली है।”श्री मोदी ने कहा , ‘ आज की यह जीत बिहार के उन बहनों, बेटियों की है, जिन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज में जंगलराज का आतंक झेला है। यह जीत, बिहार के उस नौजवान की है, जिसके भविष्य को कांग्रेस और लाल झंडे वालों के आतंक के कारण बर्बाद किया गया।”प्रधानमंत्री ने बिहार के जनादेश और राजग के प्रति वहां की जनता के विश्वास को -अपनी जिम्मेदारी तथा वहां की जनता की आकांक्षाओं को अपना संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अगले पांच साल बिहार को विकसित बनाने, वहां उद्योग धंधों को प्रोत्साहन देने और निवेश को आकर्षित करने के लिए तेज गति से काम करेगी ताकि वहां के लोगों खास कर, बिहार के युवाओं को उनके राज्य में ही रोजी रोजगार के अवसर मिले।पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में श्री मोदी ने जीत के लिए बिहार की जनता और मतदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने इस जीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (और), पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी और बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व की सराहना भी की।श्री मोदी ने यह कहते हुए कि ‘गंगाजी बिहार से हो कर बंगाल जाती हैं’, बिहार की इसी जीत ने बंगाल में जीत का रास्ता खोल दिया है। उन्होंने इसी मंच से पश्चिम बंगाल के लोगों को अगले चुनाव में साथ देने का आह्वान किया।श्री मोदी ने कहा कि भाजपा की जीत का श्रेय उसके कार्यकर्ताओं को जाता है। बिहार के परिणाम से केरल, तमिलनाडु, पांडिचेरी , असम और पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं को बड़ी ऊर्जा मिली है।प्रधानमंत्री ने कहा , ‘ भारत, अब सच्चे सामाजिक न्याय के लिए वोट कर रहा है। जहां हर परिवार को समानता, सम्मान और अवसर मिलता है और जहां अब तुष्टिकरण की कोई जगह नहीं। भारत के लोग अब सिर्फ विकास चाहते हैं, तेज विकास चाहते हैं, विकसित भारत बनाना चाहते हैं।”उन्होंने कहा कि भारत के विकास में, बिहार के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका रही है, लेकिन जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार को बदनाम किया।उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, ‘इन लोगों ने न बिहार के गौरवशाली अतीत का सम्मान किया और न ही यहाँ की परंपरा और संस्कृति का आदर किया।” उन्होंने कहा कि विपक्ष ने छठ पूजा को ड्रामा कह कर बिहार की परंपरा का अपमान किया और इसके लिए अब तक क्षमा प्रार्थना नहीं की है, इसे बिहार की जनता कभी नहीं भूलेगी।उन्होंने कहा, ‘इनकी हेकड़ी देखिए, छठी मैया से आरजेडी और कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी, और बिहार के लोग यह कभी नहीं भूलेंगे।श्री मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा और राजग को देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ जीत मिली। हरियाणा ने पार्टी को लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर मिला , महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्ववाले गठबंधन को प्रचंड जीत मिली। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा को 25 वर्षों बाद बहुमत से जीते।उन्होंने कहा कि इस चुनावों में ” बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया है।”