झारखंड में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन होना गौरव की बात- राज्यपाल

रांची- झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2021 में राज्यपाल रमेश बैश ने शिरकत की, उन्होंने कहा कि आप सभी के बीच सम्मिलित होकर मुझे अपार प्रसन्नता हो रही है। सर्वप्रथम फिल्म एवं टीवी से जुड़े आप सभी को इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु बधाई देता हूँ। श्री बैश ने कहा कि सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री के रूप में मुझे कई देशों में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में जाने का अवसर प्राप्त हुआ। झारखंड राज्य में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आयोजन होना गौरव का विषय है। प्रसन्नता का विषय है कि आज इस कार्यक्रम में गुलशन ग्रोवर एवं पूनम ढिल्लो समेत कई कलाकारों ने भाग लिया है। फिल्मों के स्वरूप में अभी पूर्व की अपेक्षाकृत काफी परिवर्तन आया है। फिल्मों में संगीत की शैली में भी बदलाव देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा मुझे बताया गया कि झारखंड में वर्ष 2016 में झारखंड फिल्म पॉलिसी के लागू होने के बाद वर्ष 2018 से झारखंड अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन प्रारंभ हुआ जिसमें 4 देशों ने हिस्सा लिया। 2019 में 12 देशों ने भाग लिया और 2020 के कोरोना काल में 52 देशों से 657 फिल्में फिल्म महोत्सव में भेजी गई। 2020 में ऑनलाइन फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया और 150 से अधिक फिल्में दिखाई गई। यह झारखंड के लिए बहुत ही गौरव का विषय है।
इस वर्ष 24 देशों से इस महोत्सव में 152 फ़िल्में आई हैं। इस तरह के आयोजन से झारखंड में पर्यटन को सिर्फ बढ़ावा ही नहीं मिलता है बल्कि फिल्म शूटिंग की गतिविधियों से झारखंड के कलाकारों को रोजगार का भी अवसर प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि झारखंड राज्य प्राकृतिक एवं धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यन्त समृद्ध है। प्रकृति ने इसे बहुत ही सौंदर्यता व खूबसूरती प्रदान की है। यहाँ की कला एवं संस्कृति भी अत्यन्त समृद्ध है। मेरा मानना है कि फिल्म निर्माण हेतु आप सब लोग इन बिन्दुओं पर गंभीरतापूर्वक ध्यान देते होंगे। आप सबको इस प्रदेश का पूर्णतः अवलोकन कर इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। फिल्मों के लिए यहाँ बिल्कुल अनुकूल वातावरण है। मैं तो कहूँगा कि प्रकृति ने इस प्रदेश को इतना कुछ दिया है कि आप लोगों को विदेशों में जाकर शूटिंग करने की आवश्यकता महसूस ही नहीं होगी। जहाँ कहीं भी इस दिशा में आपको असुविधा महसूस हो तो मुझे अवगत कराएं, मैं उसके निदान हेतु हमेशा तत्पर रहूँगा।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि झारखंड राज्य के युवा अत्यंत मेधावी हैं। फिल्म व अभिनय के प्रति भी उनकी काफी रुचि है। ऐसे में यहाँ शूटिंग होने से उन्हें भी अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

जय हिन्द! जय झारखंड!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *