रांची : झारखंड की राजधानी रांची में एयर शो का आयोजन होने से लोगों में काफी उत्साह देखा गया। झारखंड के इतिहास में पहली बार एयर शो की प्रस्तुति दी गई। बता दें कि भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित ‘सूर्य किरण एरोबैटिक टीम’ ने एयर शो की प्रस्तुति रांची के नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड में दी। एयर शो में मुख्य अतिथि के तौर पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री और रांची जिला प्रशासन की अहम भूमिका रही।केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय सेना से प्रेरित होकर भारत के युवा ज्यादा से ज्यादा संख्या में भारतीय सेना, वायु सेना का हिस्सा बने।
भारतीय सेना अपने पराक्रम एवं शौर्य की वजह से विश्वभर में प्रख्यात है। झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय सेना के अंतर्गत वायु सेना अपने शौर्य का परिचय रांची वासियों को एयर शो के माध्यम से देने का कार्य किया। इस एयर शो में कई हैरतरंगेज करतब दिखाए गए, जिससे लोगों में उत्साह का संचार हुआ। खासकर युवाओं में काफी रोमांच देखा गया। लोग “भारत माता की जय” और “जय हिंद” का नारा लगाते हुए नजर आए। एयर शो से न केवल करतब दिखाया गया, बल्कि अनुशासन, जुनून और और सेना की भावना को दर्शाया गया। एयर शो का आयोजन पहली बार रांची में हुआ। जानकारी के लिए बता दें कि एयर शो का आयोजन कल भी यानी कि 20 अप्रैल को भी रांची में किया जाएगा।