रांची : बीजेपी ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में वक्फ संशोधन अधिनियम पर एक कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें भाजपा द्वारा चलाए जाने वाले जागरण अभियान की प्रदेश टोली, प्रदेश पदाधिकारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी सहित विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के जिलाध्यक्ष शामिल हुए।कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सह अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी दुष्यंत गौतम ने वक्फ संशोधन अधिनियम की बारीकियों, संशोधन से होने वाले लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वक्फ की संपत्तियों का सदुपयोग हुआ तो भारत का मुसलमान सऊदी अरब से भी अधिक अमीर होगा। गौतम ने कहा कि वक्फ इस्लामी कानून के अंतर्गत स्थापित एक अपरिवर्तनीय धर्मार्थ निधि है। जिसे भारत में वक्फ अधिनियम 1995 के तहत मान्यता प्राप्त है। 2018 की केंद्रीय वक्फ बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 8 लाख एकड़ से अधिक वक्फ संपत्ति है जिसकी कीमत 10 लाख करोड़ से अधिक है, लेकिन वक्फ संपत्ति से गरीब मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया गया। धार्मिक नेताओं और राजनेताओं के बड़े गुट ने वक्फ संपत्तियों को लूटकर आम मुसलमानों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर दिया। लगभग 70 प्रतिशत वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जा हो चुका है। मोदी सरकार ने वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 ने असीमित अधिकार को हटाया है। सरकारी संपत्ति को वक्फ संपत्ति घोषित होने से रोकने की पहल की है। बोर्ड में महिलाओं के अधिकार को बढ़ाया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वक्फ की जमीन को लुटेरों से बचाने के लिए वक्फ संशोधन अधिनियम लाया गया है। कांग्रेस पार्टी इसपर दुष्प्रचार कर रही है। पहले सीएए के बारे में, तीन तलाक के बारे में दुष्प्रचार किया। संविधान के बारे में दुष्प्रचार किया।