मानसून की रफ्तार हुई धीमी, अब 10 जून के बाद पहुंचेगा झारखंड

देश के लगभग आधे हिस्से में दस्तक देने के बाद मानसून की रफ्तार थम गयी है. इसका असर झारखंड पर भी पड़ सकता है. मौसम केंद्र रांची ने पहले अनुमान जताया था कि राज्य में 3 से 4 जून के बीच मानसून की बारिश शुरू हो सकती है. अब इसकी संभावना समाप्त हो गयी है. मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में फिलहाल मानसून की बारिश की कोई संभावना नहीं है. अब झारखंड में मानसून की बारिश 10 जून के आसपास शुरू होने का अनुमान है. वर्तमान में हवा का रुख भी कमजोर पड़ गया है.

अब तक मानसून दक्षिण भारत के सभी राज्यों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों को कवर कर चुका है. इस बार केरल में 24 मई को ही मानसून पहुंच गया था. इससे उम्मीद थी कि 3 से 4 जून तक झारखंड में भी मानसून दस्तक दे देगा, लेकिन अब इसकी रफ्तार धीमी पड़ गयी है.

जून के महीने के पहले दिन राज्य के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. डालटनगंज का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया. मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि 2 जून को पलामू प्रमंडल के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. राजधानी रांची में भी कई स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. 5 जून तक रांची में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है. 6 जून से मौसम शुष्क रह सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *