आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के एएसआई शहीद, रांची में राज्यपाल और सीएम ने दी श्रद्धांजलि

रांची झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती जंगली पहाड़ी क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में घायल सीआरपीएफ 134 बटालियन के सहायक अवर निरीक्षक सत्यवान कुमार सिंह शहीद हो गये हैं.उनके पार्थिव शरीर को रांची के धुर्वा स्थित सीआरपीएफ कैंप लाया गया. जहां झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल ने कहा कि हमारे सुरक्षाबलों के अद्वितीय योगदान को राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता.दरअसल, नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सीआरपीएफ, ओडिशा पुलिस की एसओजी और झारखंड पुलिस शामिल थी. ओडिशा के राउरकेला जिला के बोलांग थाना के जंगली पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को टारगेट कर आईईडी ब्लास्ट कर दिया.

इसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ के एएसआई सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. उन्हें आनन-फानन में राउरकेला अस्पताल में भेजा गया. जहां इलाज के दौरान वे वीरगति को प्राप्त हो गए.बता दें कि चाईबासा और ओडिशा से सटे जंगली क्षेत्रों में सुरक्षाबलों और पुलिस बड़े स्तर पर नक्सलियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. इसमें पुलिस को कई सफलताएं भी मिली हैं. लेकिन घने जंगलों में आईईडी प्लांट होने की वजह से सुरक्षा बलों को सर्च ऑपरेशन चलाने में दिक्कत हो रही है. पिछले कुछ दिनों में सारंडा के इलाकों में कई आईईडी ब्लास्ट हो चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *