दिल्ली का सरगना नीरज चौधरी ऑपरेट कर रहा गैंग, दो गिरफ्तार रांची| राजधानी रांची में पुलिस ने नकली नोटों के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने 500-500 रुपए के जाली नोटों के 42 बंडल बरामद किए हैं। यह नकली करेंसी कुल 68 लाख 50 हजार रुपए की है। इस मामले में मो. साबिर उर्फ राजा और साहिल कुमार उर्फ करण को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि इस संगठित गिरोह का सरगना नीरज कुमार चौधरी है, जो दिल्ली से पूरे नेटवर्क को संचालित करता है। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को 22 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि चंद्रलोक बस से नकली नोटों की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। रातू रोड स्थित न्यू मार्केट चौक के पास सफेद हुंदई कार में माल रिसीव करने की योजना थी। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार से तीन कार्टून बरामद किए। इनमें से एक कार्टून में 20 बंडल में 300-300 नोट और दूसरे में 22 बंडल में 350-350 नोट रखे थे। सभी नोट 500-500 रुपए के थे। पुलिस ने बताया कि नीरज कुमार चौधरी फोन और व्हाट्सऐप के जरिए गिरोह को निर्देश देता था और ग्राहकों तक माल पहुंचाने का जिम्मा स्थानीय सदस्यों को सौंपता था। अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू, सुखदेवनगर थाने की पुलिस अवर निरीक्षक पिंकी कुमारी साव, बबलू बेसरा, श्री चौधरी और रवींद्र दास शामिल रहे।