चाईबासा झारखंड। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। माओवादी संगठन भाकपा के जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मुठभेड़ में ढेर हो गए। अमित हांसदा पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मारा गया नक्सली झारखंड के बोकारो जिले का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। दबाव बढ़ने पर कई नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन 10 लाख के इनामी अमित हांसदा मौके पर ही ढेर हो गए। मुठभेड़ के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और सुरक्षाबल घटनास्थल की पूरी जांच कर रहे हैं।