पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पाकुड़ जिले के नीचले इलाकों में जल जमाव होने के बजह से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालांकि, अभी स्थिति सामान्य है। संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों विकास पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। सोमवार को उपायुक्त श्री कुलदीप चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सदर प्रखंड पाकुड़ अंतर्गत चांदपुर पंचायत के चांदपुर व काबीलपुर गांव के नीचले इलाकों का जायजा लिया।

उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त श्री राम निवास यादव, अपर समाहर्ता श्री जय किशोर प्रसाद, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री कुमार गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी रौशन कुमार साह को संभावित बाढ़ को देखते हुए पंचायत सचिवालय की साफ – सफाई व अन्य सुरक्षित स्थानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों को सुरक्षित और ऊंचें स्थानों पर रखने को कहा। इसके अलावे अन्य आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को संभावित बाढ़ वाले क्षेत्रों का नियमित दौरा कर स्थिति का जायजा लेते रहने एवं जिला मुख्यालय को समय–समय पर स्थिति से अवगत कराने को कहा।
उपायुक्त ने कुछ ग्रामीणों से भी बात की, उन्होंने स्थानीय लोगो को सान्तवना देते हुए कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है। प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। सरकर हर संभव मदद पहुचायेगी। समाहरणालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिसका हेल्पलाइन नंबर 06435 – 221000 है। नियंत्रण कक्ष 24X7 कार्यरत है। आपात स्थिति में कोई भी व्यक्ति फोन कर जानकारी दे सकता है। उसे त्वरित राहत पहुंचाई जाएगी। मौके पर सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।