चतरा में अंधविश्वास के चलते बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

चतरा। झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत बरवा कोचवा गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि अंधविश्वास और ओझा-गुणी से जुड़े विवाद में यह वारदात अंजाम दी गई थी।बुजुर्ग अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर उनकी जान ले ली। यह वारदात 18-19 जुलाई की दरमियानी रात को हुई थी। प्रतापपुर थाने की पुलिस ने इस मामले में परिजनों की सूचना पर 19 जुलाई को भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी।जांच में पता चला कि बुजुर्ग और कुछ ग्रामीणों के बीच वर्षों से ओझा-गुणी को लेकर विवाद था। पुलिस ने रविवार को इसी गांव के रामबली भारती के पुत्र पंकज कुमार और अर्जुन भारती के पुत्र भोला भारती को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून सना टी-शर्ट, ट्राउजर और घटना के बाद भागने के लिए प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल पुलिस ने जब्त कर ली है।प्रतापपुर के थाना प्रभारी कासिम अंसारी ने बताया कि अंधविश्वास के नाम पर वारदात अंजाम दोने वाले दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आगे की पूछताछ जारी है। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है और जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दायर की जाएगी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए की गई छापेमारी में प्रतापपुर के थानेदार कासिम अंसारी, एसआई जुएल गुड़िया और एएसआई बिनोद तिवारी के अलावा पुलिस बल के जवान शामिल थे।झारखंड में डायन-भूत और तंत्र-मंत्र के अंधविश्वास में प्रतिवर्ष औसतन 60 से 65 हत्या की घटनाएं सामने आती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *