झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश 61 वर्षीय प्रशांत कुमार का लंबी बीमारी के बाद आज सुबह मेडिका अस्पताल में निधन हो गया। न्यायाधीश प्रशांत कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दुख जताया है। एक जुलाई 1958 को जन्मे जस्टिस प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के बलिया जिला के रहने वाले थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा छपरा, बिहार के बिशेश्वर सेमिनरी स्कूल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने बनारस के उदय प्रताप सिंह कॉलेज से साइंस में स्नातक किया। प्रशांत कुमार वकील के तौर पर पटना हाईकोर्ट में लंबे समय तक प्रैक्टिस भी किया। मई 1991 को प्रशांत कुमार एडीजे के तौर पर न्यायिक सेवा में आए। प्रशांत कुमार 21 जनवरी 2009 को झारखंड हाईकोर्ट में अतिरिक्त जज के रूप में पदस्थापित हुए थे।