झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में कुचाई थाना क्षेत्र में आज अहले सुबह 4:53 मिनट में हुई नक्सलियों की आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर पुलिस के 26 जवान घायल हो गए जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। आईईडी ब्लास्ट पर डीजीपी डीके पांडे ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को बाधा पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने आईईडी लगाए थे।
पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुये बताया कि सीआरपीएफ की विशेष टीम कोबरा और झारखंड जगुआर के जवान तड़के पेट्रोलिंग से लौट रहे थे। इसी दौरान यह विस्फोट हुआ, जिसमें हमारे जवान घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों में आठ कोबरा और तीन झारखंड जगुआर के जवान शामिल हैं। घायल जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। विस्फोट के बाद घने जंगल का लाभ उठा कर नक्सली भाग निकले।