बोकारो में बनेगा ऑयल डिपो और एलपीजी बॉटलिंग प्लांट

बोकारो में 350 करोड़ से ऑयल डिपो और एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परियोजनाओं से बोकारो जिले में लगभग 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार और कई हजार लोगों को भी इन परियोजनाओं से अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने शिलान्यास समारोह को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।

श्री रघुवर दास ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास वहां पेट्रोल और डीजल के खपत में हुई बढ़ोतरी से नापा जा सकता है। देश के बड़े शहरों में 7-8% की दर से पेट्रोल डीजल की खपत बढ़ रही है, वहीं झारखंड के बड़े शहरों में 15% की दर से पेट्रोल- डीजल की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह आंकड़ा इस बात का सूचक है कि झारखंड देश के अन्य हिस्सों के मुकाबले दोगुनी रफ्तार से विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री दास ने यह भी कहा कि आने वाले कृष्ण जन्माष्टमी के दिन झारखंड राज्य के सभी 5 प्रमंडलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उज्जवला योजना की लाभुक सभी 43 लाख महिलाओं को राज्य सरकार की तरफ से दूसरा भरा हुआ सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। यह झारखंड की की बहनों को मुख्यमंत्री की तरफ से राखी के त्यौहार का उपहार होगा।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कहा कि आने वाले वर्षों में कुल 10,000 करोड रुपए पेट्रोलियम व औद्योगिक क्षेत्र में लगाए जा रहे विभिन्न परियोजनाओं व कारखानों में खर्च किए जाएंगे। भारत सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक 300 मिलियन टन स्टील का प्रोडक्शन पूरे देश में होगा जिसका एक बहुत बड़ा हिस्सा झारखंड राज्य से आएगा।

श्री प्रधान ने यह भी बियाडा में लगाए जा रहे एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से रोजाना ढाई सौ ट्रक बोकारो से निकलेंगे और राज्य के विभिन्न शहरों में गैस की सप्लाई करेंगे। इसकी वजह से भी बहुत से लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। उन्होंने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि झारखंड में पेट्रोल की डिमांड बढ़ी है। यह इस बात को दर्शाता है कि लोग साइकिल से मोटरसाइकिल की तरफ बढ़ रहे हैं और यह झारखंड के आर्थिक सामाजिक विकास का बहुत ही बड़ा सूचक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कथन को दोहराया कि जब पूर्वी भारत का सही मायने में विकास होगा तभी भारत का विकास पूर्ण होगा।

महत्वपूर्ण तथ्य—

  • बियाडा के औद्योगिक क्षेत्र में 20 एकड़ भूमि पर एलपीजी बॉलिंग प्लांट झारखंड में गैस वितरण के लिए सिलेंडर रिफिल टर्मिनल पॉइंट होगा। यहां से पूरे झारखंड राज्य में भरे हुए गैस सिलेंडर का वितरण होगा।
  • राधानगर ग्राम में 73 एकड़ में बनने वाले आयल डिपो में तेल का भंडारण होगा। इस आयल डिपो से समस्त झारखंड के पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल का वितरण होगा।
  • ऑयल डिपो में तेल की आपूर्ति रेलवे से होगी। भविष्य में असम के नुमालीगढ़ रिफायनरी से पाइप के माध्यम से जोड़ दिया जाएगा, जिससे इस ऑयल डिपो में तेल की अनवरत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

इस कार्यक्रम में मंत्री राजस्व एवं भूमि सुधार श्री अमर कुमार बाउरी, सांसद गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र श्री चंद्रप्रकाश चौधरी, सांसद धनबाद लोकसभा क्षेत्र श्री पी एन सिंह, सांसद पुरुलिया लोकसभा क्षेत्र श्री ज्योतिर्मय महतो, विधायक बेरमो श्री योगेश्वर महतो बाटुल, विधायक बोकारो श्री विरंची नारायण, डीआईजी श्री प्रभात कुमार, बोकारो के उपायुक्त श्री कृपानंद झा, बोकारो के पुलिस अधीक्षक श्री पी. मुरूगन, सेल के सभी पदाधिकारी, हजारों की संख्या में बोकारो वासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *