पिछले विधानसभा में झाविमो ने आठ सीटें जीती थीं। लेकिन तुरंत ही झाविमो के छः विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया। बचे थे दो एक प्रदीप यादव और दूसरे प्रकाश राम। झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा किसी भी समय हो सकती है। ऐसे में झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी के सामने चुनौती थी कि कैसे अपने कुनबे को बढ़ाया जाए। अंतिम समय तक बाबूलाल के साथ रहे लातेहार के विधायक प्रकाश राम ने भी अब उनका साथ छोड़ दिया। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले प्रकाश राम के भाजपा में शामिल होने को बाबूलाल के लिए बड़े झटके के तौर पर लिया जा रहा है। प्रकाश राम ने मनिका में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पिछले दिनों बाबूलाल ने भीड़ जुटाने के लिए पूरा दम खम लगाया था
बता दें कि झाविमो के हाल ही में हुए सम्मेलन में बाबूलाल ने भीड़ जुटाने के लिए पूरा दम खम लगाया था। बाबूलाल ने दलबदल मामले में भी लंबी लड़ाई लड़ी, लेकिन अंतत: फैसला उनके हक में नहीं आया।
लातेहार सीट के कई दावेदार भी पेशोपेश में
पिछले चुनाव में लातेहार से भाजपा के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम चुनाव लड़े थे, जाहिर था कि इस बार भी उनकी सीट पर दावेदारी बन रही थी। वहीं, पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम भी यहीं से आते हैं। इसके अलावा कामेश्वर भोक्ता समेत भाजपा के कई नेता लातेहार से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। प्रकाश राम के भाजपा में शामिल होने से उन सभी नेताओं को बड़ा झटका लगा, जो लातेहार विधानसभा सीट पर नजर जमाए हुए थे।