नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद…

दशम फॉल थाना क्षेत्र के जंगल में आज सुबह झारखंड जगुआर के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद हो गए। शहीद जवान का नाम खंजन कुमार महतो और अखिलेश राम बताया जा रहा है। गंभीर रुप से घायल अखिलेश राम की रांची के मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।            

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में नक्सलियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। झारखंड पुलिस के एडीजी मुरारीलाल मीणा, डीआईजी रांची अमोल वेणुंकांत होमकर ने घटना की पुष्टि की है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों का जमावड़ा नक्सल प्रभावित दशम फॉल के पास जंगल में जमा हुआ है। सूचना के आधार पर झारखंड जगुआर की एक टीम को अहले सुबह ऑपरेशन के लिए भेजा गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुबह चार से पांच बजे के बीच नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें झारखंड जगुआर का एक जवान शहीद और एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यह घटना पुलिस की की एक बड़ी चूक बताई जा रही है। इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों को भी गोली लगने की सूचना है, हलांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

इस संबंध में सीएम रघुवर दास ने कहा कि सरकार हर पल शहीदों के परिजनों के साथ है। उन्होंने आगे कहा कि नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में हमारे दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत को सलाम करते हुए उन्होंने कहा कि ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है और हम इसे समाप्त करके ही दम लेंगे।

झारखंड जगुआर के डीआईजी साकेत कुमार सिंह ने बताया कि एक गुप्त सूचना आ रही थी कि, एक नक्सली दस्ते का मूवमेंट रांची-खूंटी जिला सीमा क्षेत्र में डाकापीढ़ी जंगल तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही है। ग्रामीणों के द्वारा सूचना दिए जाने पर झारखंड जगुआर की एक टीम को ऑपरेशन के लिए उक्त क्षेत्र में भेजा गया। आज सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड जगुआर का एक जवान खंजन कुमार महतो शहीद हो गया एवं गंभीर रुप से जख्मी हालत में अखिलेश राम को मेडिका अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान इनकी भी मुत्यु हो गई।

शहीद जवानो की विवरणी-

  1. आरक्षी 568 अखिलेश राम, पिता – श्री बिफन मांझी, ग्राम – कुंद्री, थाना-लेस्लीगंज, जिला-पलामू।
  2. आरक्षी 1117 खंजन कुमार महतो, पिता – श्री अनंत प्रसाद महतो, ग्राम – चैनपुर, पोस्ट – राहे, थाना-सोनाहातु, जिला-रांची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *