कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में आज मुलाकातियों की काफी भीड़ रही। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यभर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सभी वर्गों के मुलाकातियों की समस्याओं को जाना। लातेहार जिले से सामाजिक कार्यकर्ता डॉ प्रभात मिंज के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री को “स्वर्वेद” पुस्तक भेंट कर अपनी शुभकामनाएं दीं। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ प्रभात मिंज ने मुख्यमंत्री के समक्ष आग्रह किया कि आवासीय विद्यालय चेताक का भवन बनकर तैयार है। यहां पर स्कूल का संचालन होना आवश्यक है ताकि आसपास के बच्चों को शिक्षण कार्य के लिए सुविधा होगी। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस विद्यालय शिक्षण कार्य प्रारंभ होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुलाकातियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए संवेदनशील दिखे। मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं के निपटारे के लिए तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश भी दिया। मुख्यमंत्री ने मुलाकातियों से कहा कि आपकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। वर्तमान सरकार आपके हित, विकास और प्रगति के लिए समर्पित है।