राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मोरहाबादी मैदान रांची के बापू वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित की।

इस अवसर पर बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन व रामधुन प्रस्तुत किये। राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहा परायी पीर को अपना समझ उसे दूर करने का यत्न ही महात्मा गांधी का संदेश था। हमें इसे अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। हम सभी को गर्व होना चाहिए कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जैसा व्यक्तित्व हमारे देश ने पाया था।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का इस देश में होना हम सबों को गर्व महसूस कराता है। हम सभी को इस बात का गर्व होना चाहिए कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जैसा व्यक्तित्व हमारे देश ने पाया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी जिसमें हर व्यक्ति सुख समृद्धि हो। समाज में किसी तरह का भ्रष्टाचार व्याप्त न हो और देश स्वावलंबी बने। आगे श्री सोरेन ने कहा कि बापू के सपनों का देश बनाने के लिए हमें त्याग और समर्पण की भावना से कार्य करने की आवश्यकता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का दर्शन सत्य और अहिंसा पर आधारित है। हिंसा का समाज में कोई स्थान नहीं है। महात्मा गांधी ने बिना भेदभाव के गरीबी मुक्त और स्वावलम्बी देश का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि गांधी जी के दिखाये रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम सभी को बापू के दिखाए रास्ते और उनके आदर्शों की परंपरा को बनाए रखनी है।

इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह, प्रधान सचिव, नगर विकास अजय कुमार सिंह, राज्य खादी बोर्ड के सीईओ रंजीत कुमार, रांची डीडीसी अनन्य मित्तल, पुलिस विभाग के आला अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में टाना भगत उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *