बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने राज्य के बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस अचानक आई बाढ़ में अब तक 25 लोगों की मौत हुई है और इसमें फंसे करीब सवा लाख लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
नीतीश कुमार ने आज बाढ़ से उत्पन्न स्थिति के संबंध में कहा कि पड़ोसी देश नेपाल के तराई वाले इलाकों में पिछले वर्षों की तुलना में इस बार अत्यधिक वर्षा हुई, जिसके कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। उन्होंने कहा कि अचानक आई बाढ़ के कारण राज्य के 12 जिले की करीब 25 लाख की आबादी प्रभावित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के संभावित खतरों को देखते हुए पहले से सजग प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 26 टुकड़िया तैनात हैं। बाढ़ प्रभावितों के लिए 199 राहत शिविर खोले गए हैं। इन शिविरों में अभी करीब सवा लाख लोग रह रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए शुद्ध पेयजल, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर समुचित ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से पीड़ितों के बैंक खाते में छह हजार रुपये प्रति परिवार की दर से सीधे भेजने का निर्णय लिया है। सहायता राशि के वितरण का कार्य 19 जुलाई से प्रारंभ कर दिया जाएगा।