भाजपा जिला अध्यक्ष से नाराज प्रखंड अध्यक्षों ने दिया इस्तीफा

मानस घोस, संवाददाता, चाईबासा

मुख्यमंत्री के चाईबासा दौरा के पहले इस्तीफा

चाईबासा- प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास के पश्चिमी सिंहभूम जिले के दौरा के ठीक एक दिन पहले जिला के चार प्रखंड अध्यक्षों ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। जिनमें चाईबासा सदर के ब्राजील सुंडी, झींकपानी के कमल नायक, टोंटो के बाबूराम लागुरी और चाईबासा के नगर अध्यक्ष विकास शर्मा शामिल है। इन प्रखंड अध्यक्षों ने जिला अध्यक्ष मनीष राम पर अभद्र व्यवहार, धमकी देने के साथ-साथ महिंद्रा ट्रेक्टर की बिक्री करवाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। उन लोगों का कहना है कि चाईबासा में पार्टी के अन्दर गुटबाजी भी चरम पर है। इन्हीं सब कारणों से क्षुब्ध हो कर पार्टी के पद से वे इस्तीफा दे रहे हैं, लेकिन हम सब पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे। उन लोगों ने यह भी आरोप लगाया की जिलाध्यक्ष के मनमानी और हिटलर शाही के कारण पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं में रोष है। युवा मोर्चा के चाईबासा नगर अध्यक्ष भी उनके निशाने पर हैं।

भाजपा में छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी आरोप लगाने के लिए स्वतंत्र है – जिला अध्यक्ष, चाईबासा

जिला अध्यक्ष मनीष राम ने प्रखंड अध्यक्षों के इस्तीफा देने के सवाल पर कहा है कि, चाईबासा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के परिणाम आशा के विपरीत आए थे। इन्हीं वजह से अध्यक्षों के सहयोग के लिए संयोजक को नियुक्त किया गया था। लेकिन पार्टी में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो भाजपा में रह कर नहीं चाहते हैं कि पार्टी मजबूत हो। यह संगठन का अंदरूनी मामला है, जल्द ही निपटा लिया जाएगा। वहीं उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है, यहां छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी आरोप लगाने के लिए स्वतंत्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *