जमशेदपुर पूर्वी से मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले मंत्री सरयू राय ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में भाजपा की स्थिति अच्छी नहीं है, भाजपा 15 से ज्यादा सीट नहीं लाने जा रही है।
अपना त्याग पत्र देने के बाद सरयू राय ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ा अतः नैतिकता के आधार पर मुझे मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं था। हलांकि मैंने 17 नवंबर को ही फैक्स के माध्यम से राजभवन को अपना इस्तीफा भेज दिया था, जोकि किसी कारणवश नहीं मिला तो मैं व्यक्तिगत रूप से राजभवन में राज्यपाल महोदया से मिला और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। जब मैने मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रत्याशी बनने का फैसला लिया, तभी उन्हें मुझे बर्खास्त कर देना चाहिए था। लेकिन न जाने क्यों उन्होंने ऐसा नहीं किया।
जमशेदपुर पूर्वी के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह तो 23 दिसंबर को ही पता चलेगा, वैसे लोगों का कहना है कि वहां मेरे पक्ष में मतदान हुए हैं। मैंने जो लड़ाई शुरु की है उसे अंजाम तक ले जाउंगा।