प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद प. बंगाल के डॉक्टरों ने अपने हड़ताल को समाप्त कर दिया। डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री से कहा कि हमें काम करते वक्त डर लगता है, हमें सुरक्षा चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अफसर तैनात किए जाएंगे।
बता दें कि 10 जून को कोलकाता के एक अस्पताल में डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना हुई थी, इस घटना के विरोध स्वरुप 11 जून से राज्यभर के डॉक्टर हड़ताल पर थे।
डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कहा कि हमारे साथियों के साथ मारपीट करने वालों को कड़ी सजा मिले। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में शामिल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब हर सरकारी अस्पताल में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ भी बनाए जाएंगे। वहीं अस्पतालों में काम शुरू होने के साथ ही मरीजों का जमावड़ा लग गया।