अर्जुन मुंडा ने ली मंत्री पद की शपथ

अर्जुन मुंडा झारखंड में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं। खूंटी से नवनिर्वाचित सांसद अर्जुन मुंडा केंद्र की मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। श्री मुंडा ने कल राष्ट्रपति भवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली। झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री का पद संभाल चुके अर्जुन मुंडा केंद्रीय कैबिनेट में झारखंड के एक मात्र प्रतिनिधि हैं। गौरतलब है कि पिछली सरकार में जयंत सिन्हा और सुदर्शन भगत केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल थे। 

बता दें कि आरक्षित खूंटी लोकसभा सीट से मात्र 1445 मतों के मामूली अंतर विजय हुए। अर्जुन मुंडा से पहले खूंटी से भाजपा सांसद कड़िया मुंडा केंद्रीय मंत्रिपरिषद में तीन बार मंत्री बनाए गए थे। वे लोकसभा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। अर्जुन मुंडा लोस चुनाव 2009 में जमशेदपुर सीट से चुनाव जीत चुके हैं। इस बार खूंटी में अर्जुन मुंडा का सामना कांग्रेस के उम्मीदवार कालीचरण मुंडा से था जिनको उन्होंने संघर्षपूर्ण चुनावी लड़ाई में पराजित किया। 

झारखंड में बनी पहली सरकार में अर्जुन मुंडा आदिवासी कल्याण मंत्री थे। 2003 में भाजपा की बाबूलाल मरांडी सरकार के पतन के बाद वह झारखंड के दूसरे मुख्यमंत्री बने। 2005 में भाजपा की जब दुबारा सरकार बनी तो वह दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। 2010 में भी अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी थी। 2014 के विधानसभा चुनाव में अर्जुन मुंडा खरसांवा सीट से झामुमो के दशरथ गगरई से हार गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *