झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण में 20 सीटों पर लगभग 64% मतदान हुआ। जहां 2014 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर लगभग 68% वोटिंग हुई थी। पिछले विधानसभा चुनाव 2014 की तुलना में इस बार लगभग चार प्रतिशत कम लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत 260 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 29 हैं। कुल मतदाताओं की बात करें तो इनकी संख्या 48,25,038 है।
इस दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास, स्पीकर डॉ. दिनेश उरांव, भाजपा के बागी नेता सरयू राय, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, मंत्री रामचंद्र सहिस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा सहित कई अन्य दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
आपको बता दें कि आज जिन 20 सीटों पर वोटिंग हुई, वे सीटों जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, जुगसलाई, सरायकेला, खरसावां, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, चाईबासा, मझगांव, जगरनाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, सिसई, मांडर, तोरपा, खूंटी, तमाड़, सिमडेगा और कोलेबिरा हैं।
इन 20 विधानसभा क्षेत्रों में से 16 अनुसूचित जनजातियों के लिए, जबकि एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। बाकी तीन सीटें जमशेदपुर पश्चिमी, जमशेदपुर पूर्वी और बहरागोड़ा सामान्य श्रेणी की हैं।