लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव परिणाम से पहले आए विभिन्न एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलने का अनुमान लगाए जाने के बाद आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे असली चुनाव परिणाम का इंतजार करें। उन्हें इस फर्जी एग्जिट पोल से निराश होने की जरुरत नहीं लेकिन हां सतर्क जरुर रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि पार्टी पर विश्वास रखें। हम सभी ने बहुत मेहनत किया है और हमारी मेहनत बेकार नहीं जाने वाली।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर भी कहा, हमारे और आपके लिए आने वाले 24 घंटे महत्वपूर्ण हैं। आप डरे नहीं क्योंकि आप सत्य के लिए लड़ रहे हैं, आपका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। आपको इस फर्जी एग्जिट पोल के द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार से निराश होने की कोई आवश्यकता नहीं।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अफवाहों एवं एग्जिट पोल पर ध्यान ना दें और स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्रों पर अंत तक डटे रहें। यह जो अफवाहें फैलाई जा रही है, यह आपका हौसला तोड़ने के लिए है। आप हौसला बनाए रखें।बता दें कि 19 मई की शाम आए तकरीबन सभी प्रमुख एग्जिट पोलों में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है।